फागुन बालकृष्ण शर्मा 'नवीन'

फागुन

बालकृष्ण शर्मा 'नवीन' | अद्भुत रस | आधुनिक काल

अरे ओ निरगुन फागुन मास!
मेरे कारागृह के शून्य अजिर में मत कर वास,
अरे ओ निरगुन फागुन मास!

यहाँ राग रस-रंग कहाँ है?
झांझ न मदिर मृदंग यहाँ है,
अरे चतुर्दिक फैल रही यह
मौन भावना जहाँ-तहाँ है।
इस कुदेश में मत आ तू रस-वश हँसता सोल्लास,
अरे ओ भोले फागुन मास!

कोल्हू में जीवन के कण-कण,
तैल-तैल हो जाते क्षण-क्षण।
प्रतिदिन चक्की के धर्मट में-
पिस जाता गायन का निक्वण,
फाग सुहाग भरी होली का यहाँ कहाँ रस-रास?
अरे ओ, मुखरित फागुन मास!

रामबांस की कठिन गांस में,
मूँज-वान की प्रखर फांस में,
अटकी हैं जीवन की घड़ियाँ,
यहाँ परिश्रम-रुद्ध सांस में।
यहाँ न फैला तू वह अपना लाल गुलाल-विलास,
अरे, अरुणारे फागुन मास!

छाई जंज़ीरों की झन-झन,
डंडा-बेड़ी की यह धन-धन,
गर्रे का अर्राटा फैला,
यहाँ कहाँ पनघट की खन-खन?
कैसे तुझको यहाँ मिलेगा होली का आभास,
अरे, हरियारे फागुन मास!

यह निर्बंध भावना ही की,
चपल तरंगें अपने जी की,
इन तालों-जंगलों के भीतर-
घुँट-घुँट सतत हो गईं फीकी,
अब तू क्यों मदमाता तांडव करता, रे, सायास?
अरे, मतवाले फागुन मास?

अपने विचार साझा करें

  परिचय

"मातृभाषा", हिंदी भाषा एवं हिंदी साहित्य के प्रचार प्रसार का एक लघु प्रयास है। "फॉर टुमारो ग्रुप ऑफ़ एजुकेशन एंड ट्रेनिंग" द्वारा पोषित "मातृभाषा" वेबसाइट एक अव्यवसायिक वेबसाइट है। "मातृभाषा" प्रतिभासम्पन्न बाल साहित्यकारों के लिए एक खुला मंच है जहां वो अपनी साहित्यिक प्रतिभा को सुलभता से मुखर कर सकते हैं।

  Contact Us
  Registered Office

47/202 Ballupur Chowk, GMS Road
Dehradun Uttarakhand, India - 248001.

Tel : + (91) - 8881813408
Mail : info[at]maatribhasha[dot]com