भारत माता की जय बोल ANIL Mishra Prahari
भारत माता की जय बोल
ANIL Mishra Prahariहरित रंग में रंगी धरित्री
रंगों की बिखरी बरसात,
गेंदा, अड़हुल, मस्त- चमेली
पवन संग झूमे पारिजात।
वल्लरियाँ गातीं नित डोल,
भारत माता की जय बोल।
मेघ सलिल भर लाते गगरी
सावन देशप्रेम में झूमा,
पावन इस धरती को विह्वल
कोमल निज अधरों से चूमा।
राग रसिक छेड़े अनमोल,
भारत माता की जय बोल।
कुमकुम, चंदन, उड़ता परिमल
कलियों की मादक अंगड़ाई,
भ्रमर करे गुंजार बीन - सी
मधुर- मधुर स्वर-लहरी आई।
कोयल कूक रही मुँह खोल,
भारत माता की जय बोल।